पंजाब सरकार किसी भी संभावित हवाई हमले सहित आपात स्थिति में अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध: मोहम्मद तायब
कहा, युद्ध से संबंधित अफवाहों, गलत खबरों और समाज व देश विरोधी तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए
Punjab News: भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव को देखते हुए पंजाब सरकार ने जिलों में निगरानी और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और प्रशासनिक सचिव मोहम्मद तायब को नियुक्त किया है। इसी क्रम में उन्होंने आज पटियाला में डिविजनल कमिश्नर विनय बुबलानी, डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव और एसएसपी वरुण शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर जिले में युद्ध जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।

प्रशासनिक सचिव मोहम्मद तायब ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार हालात पर पूरी नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित हवाई या ड्रोन हमले अथवा युद्ध की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों और फर्जी खबरों पर भरोसा न करें, शांत रहें और प्रशासन को सहयोग दें।
ये भी पढ़ेंः Punjab News: हंगामी स्थिति से निपटने के लिए भगवंत मान सरकार द्वारा पुख्ता तैयारियां
बैठक में उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, बिजली, जलापूर्ति, सड़क परिवहन, शिक्षा और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और तत्परता बरती जाए। साथ ही सिविल, सैन्य, खुफिया और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी अन्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से नागरिकों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की स्पष्ट जानकारी लोगों तक पहुंचे ताकि किसी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति पैदा न हो। समाज और देश विरोधी तत्वों पर भी कड़ी नजर रखे जाने की आवश्यकता जताई गई।
प्रशासनिक सचिव ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव और अन्य अधिकारियों से सिविल डिफेंस, मॉक ड्रिल, ऊंची इमारतों और सुरक्षित स्थानों की पहचान, हवाई हमलों की स्थिति में ब्लैकआउट की व्यवस्था और सायरनों की जानकारी देने संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। एसएसपी वरुण शर्मा से सेना की सुरक्षित आवाजाही, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और होटलों, धर्मशालाओं तथा रैन-बसेरों की जांच जैसे सुरक्षा प्रबंधों पर जानकारी ली गई।
ये भी पढ़ेंः Punjab News: CM मान ने नागरिकों को मिसाइल/ड्रोन के मलबे से दूर रहने और पुलिस को तुरंत सूचित करने की अपील
बैठक के दौरान डिविजनल कमिश्नर विनय बुबलानी, डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव और एसएसपी वरुण शर्मा ने जिले में अब तक किए गए प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता से हर स्थिति के लिए तैयार है। इस अवसर पर एसपी वैभव चौधरी, एडीसी नवरीत कौर सेखों, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त दीपजोत कौर, सभी एसडीएम, सहायक आयुक्त रिचा गोयल और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
